भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला. लेकिन दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले कप्तान शुभमन गिल 98 के स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए और अपने शतक से चूक गए.

हालांकि, इससे पहले शुभमन गिल के एक डीआरएस रिव्यू पर फैसला पलट गया और कीवी खिलाड़ियों के बीच खलबली मच गई. इस पूरे वाकये के दौरान ऋषभ पंत का बेबाक अंदाज एक बार फिर सुर्खियों में आ गया, उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के साथ खड़े होकर अंपायर के साथ हो रही पूरी बातचीत सुनी.

यह पूरी घटना 108वें ओवर की है. नाथन स्मिथ की अंदर आती हुई गेंद सीधे शुभमन गिल के पैड पर जाकर लगी. मैदानी अंपायर ने उंगली उठाकर गिल को आउट करार दे दिया, लेकिन गिल ने तुरंत रिव्यू नहीं लिया. उन्होंने पहले दूसरे छोर पर खड़े ऋषभ पंत से सलाह मांगा.

3 सेकंड में पलटी बाजी

टाइमर में सिर्फ 3 सेकंड बाकी रह गए थे और पंत ने अपने कप्तान को डीआरएस लेने के लिए कहा. पंत के इस फैसले ने गिल को आउट होने से बचाया और यहां से टीम इंडिया ने तेज गति से रन बनाने का काम किया

थर्ड अंपायर ने कई एंगल से रिप्ले जांचे. अल्ट्राएज पर हल्का स्पाइक दिखा, जिससे साफ हुआ कि गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर पैड पर लगी थी. थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ को जानकारी दी कि गेंद बल्ले से लगी है, जिसके बाद मैदानी फैसला बदल दिया गया और गिल क्रीज पर बने रहे.

फैसला पलटने से न्यूजीलैंड के खिलाड़ी बिल्कुल खुश नहीं थे. उन्हें लग रहा था कि गिल के बल्ले और पैड के बीच गैप है और गेंद बल्ले को छुए बिना पैड से टकराई है. रिप्ले देखे जाने के दौरान न्यूजीलैंड के एक खिलाड़ी की आवाज सुनाई दी, हां, यह आउट है. वहां थोड़ा गैप दिख रहा है.