भोपाल। बंगाल में भाजपा की जीत से प्रदेश में पार्टी उत्साहित है तो दूसरी ओर मप्र से भाजपा के राज्य सभा सदस्य एल मुरुगन और जार्ज कुरियन विधानसभा चुनाव हार गए हैं। मुरुगन ने तमिलनाडु के अवांसी सीट से चुनाव लड़ा था, जहां वे 15 हजार से अधिक मतों से पराजित होकर दूसरे स्थान पर रहे। जार्ज कुरियन केरल के कांजीरापल्ली से भाजपा के प्रत्याशी थे, जो 29 हजार से अधिक मतों से हार गए हैं।
दोनों नेताओं के चुनाव परिणाम को लेकर मध्य प्रदेश में रुचि इस कारण थी, क्योंकि कुरियन का कार्यकाल जून 2026 और मुरुगन का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक है। कुरियन ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा में जाने के बाद रिक्त सीट से राज्य सभा में गए हैं, इसलिए उनका कार्यकाल जून 2026 को समाप्त हो रहा है। दोनों नेता अगर विधानसभा चुनाव जीत जाते और विधानसभा में रहना स्वीकारते तो राज्यसभा की सीट रिक्त होती।