सुकमा।छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। सुकमा जिले के दोरनापाल परियोजना अंतर्गत ग्राम कामापेदागुड़ा की निवासी श्रीमती मड़कम कामे इसका प्रेरणादायी उदाहरण हैं। योजना के तहत प्रतिमाह प्राप्त होने वाली आर्थिक सहायता ने उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है। उनकी सूझबूझ और संसाधनों के बेहतर उपयोग से आज उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
मड़कम कामे को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का आवास प्राप्त हुआ है, वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से उनके घर तक नियमित शुद्ध पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध हुई है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग उन्होंने परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया, जिससे घरेलू आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के समन्वित लाभ ने उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपने जीवन में आए इस सुखद बदलाव से उत्साहित मड़कम कामे अब अपने क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं ने उनके परिवार को नई उम्मीद और सम्मानजनक जीवन दिया है। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनहितैषी पहलें ग्रामीण महिलाओं के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं।