भोपाल। थाना रातीबड़ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में चोरी और नकबजनी करने वाले एक शातिर गिरोह को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर दो बड़ी वारदातों का खुलासा किया है।
आरोपितों के कब्जे से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत का मशरुका और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।
रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि 25 फरवरी को एक निजी स्कूल के मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने स्कूल की बाउंड्री फांदकर सीसीटीवी कैमरों के तार और बिजली की केबल चोरी कर ली है।
उसी दिन, नीलबड़ क्षेत्र के एक सूने फार्महाउस में भी कांच का गेट तोड़कर बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआइआर दर्ज की थी।
पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल के निर्देशन और थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मुख्य चौराहों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्म अवलोकन किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले समीर रावत को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में समीर ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।