भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के रिक्त पदों पर भर्ती की कवायद तेज हो रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अब कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) के पदों को भरने जा रहा है।
इसके लिए सर्टिफिकेट कोर्स इन कम्युनिटी हेल्थ (सीसीएच) के जुलाई-दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके लोगों से संस्थावार विकल्प मांगा गया है। उम्मीदवार अब अपनी पसंद के आरोग्य मंदिर में पदस्थापना के लिए पांच मई तक आवेदन कर सकेंगे।
सैकड़ों युवाओं को लंबे समय से इंतजार
सैकड़ों युवा लंबे समय से प्रशिक्षण पूरा होने के बाद नियुक्ति की राह देख रहे थे। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (पूर्व में उप स्वास्थ्य केंद्र) में लंबे समय से चली आ रही डॉक्टरों और विशेषज्ञों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों को छोटी बीमारियों और प्राथमिक उपचार के लिए अब जिला अस्पताल या शहर की ओर नहीं भागना पड़ेगा।
इन चीजों की मिलेगी सुविधाएं
नियमित टीकाकरण अभियान को गति मिलेगी और कैंसर, मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती स्क्रीनिंग संभव हो सकेगी। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल और निगरानी सुनिश्चित होगी। प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर इलाज मिलने से जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों पर मरीजों का अतिरिक्त बोझ कम होगा।