ऐपल भारत में कानूनी विवाद में फंसती नजर आ रही है। दरअसल IIT दिल्ली के पूर्व छात्र द्वारा स्थापित अमेरिकी टेक स्टार्टअप GG Technologies ने भारत में ऐपल के खिलाफ मुकदमा किया है। इस स्टार्टअप का आरोप है कि ऐपल ने बिना अनुमति के उनकी पेटेंट की गई कॉन्टैक्ट-शेयरिंग तकनीक का इस्तेमाल अपने नेमड्रॉप फीचर में किया है।
कंपनी ने बॉम्बे हाई कोर्ट में इस याचिका को दायर कर 1500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। इसके साथ ही भारत में आईफोन और ऐपल वॉच की बिक्री और आयात पर रोक लगाने की अपील भी की गई है।
क्या है पूरा मामला?
टेक क्रंच की रिपोर्ट के अनुसार, GG Technologies को साल 2018 में IIT दिल्ली के पूर्व छात्र और गोल्डमैन सैक्स के पूर्व इनवेस्टमेंट बैंकर गौरव गोयल ने शुरू किया था। इस स्टार्टअप ने 2019 में एक StayTouch नाम का ऐप पेश किया था। इसमें दो स्मार्टफोन्स को पास लाने से वे आपस में डिटेल शेयर कर सकते थे।
इस कंपनी का कहना है कि ऐपल ने बिना किसी लाइसेंसिंग समझौते के इस तकनीक के खास हिस्सों की नकल कर जून 2023 में iOS 17 के साथ नेमड्रॉप फीचर के तौर पर पेश कर दिया। इसके बाद इस तकनीक को watchOS 10.1 के जरिए ऐपल वॉच में भी शामिल किया गया। कंपनी ने 2021 में भारत में इस तकनीक के पेटेंट के लिए अप्लाई किया था और 27 जुलाई 2024 को उसे यह पेंटेंट मिला।
बॉम्बे हाई कोर्ट में 781 पन्ने की याचिका दायर
TechCrunch की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में कोर्ट के आदेश पर अप्रैल में मध्यस्थता की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जो कि सितंबर में विफल रही। इसके बाद कंपनी ने अक्टूबर में बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
कंपनी ने इस मामले में 781 पन्नों की याचिका दायर की है और मांग की है कि iOS के इनबिल्ट नेमड्रॉप फीचर के इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगाई जाए। इसके अलावा कंपनी यह भी चाहती है कि इस तकनीक को इस्तेमाल करने वाली ऐपल वॉच और iPhone की भारत में बिक्री पर रोक और आयात पर प्रतिबंध लगे।
अमेरिका में भी चल रही ऐपल के खिलाफ जांच
ऐपल के खिलाफ कानूनी लड़ाई सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। GG Technologies ने अप्रैल में अमेरिका में भी पेटेंट उल्लंघन का मामला दायर किया था। इसके बाद अगस्त में अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार आयोग ने ऐपल के खिलाफ जांच शुरू की थी।
कंपनी अमेरिका में भी इन डिवाइसेज की बिक्री पर रोक लगाने की मांग कर रही है। फिलहाल इस मामले में कोई फैसला नहीं आया है और न ही ऐपल की ओर से इस पर कोई टिप्पणी की गई है।
कंपनी ने अमेरिका में भी इन डिवाइसों के आयात और बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं आया है और एपल ने भी इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।