मध्य प्रदेश में मानसूनी विदाई के बाद भी चक्रवात (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और ट्रफ लाइन एक्टिव होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में शनिवार को भी गर्जना के साथ हलकी बारिश का अनुमान है। हालांकि, 3 दिन तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी।
अमरकंटक में डेढ़ इंच बारिश, रात के तापमान में गिरावट
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में सिस्टम का असर देखा जा रहा है। अमरकंटक में बीते दिनों डेढ़ इंच (37.5 मिमी) तक पानी गिरा। बारिश के चलते प्रदेश भर में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
3 अक्टूबर को विदा हुआ मानसून, फिर भी क्यों गिरा पानी?
प्रदेश से 3 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है। इस बार मानसून 100 दिन तक एक्टिव रहा। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, अक्टूबर महीने में गर्मी, बारिश और ठंड तीनों का ट्रेंड रहता है। इस बार भी मानसूनी सिस्टम एक्टिव होने से बारिश का दौर देखने को मिला।
जून के सूखे ने बिगाड़ा गणित, इस बार 4% कम बरसा पानी
इस साल मानसून सीजन (जून से सितंबर) में प्रदेश में औसतन 35.8 इंच (908.4 मिमी) बारिश हुई, जो सामान्य बारिश (37.3 इंच) से लगभग 4% कम है।
25 जिलों में कोटा फुल, 30 में सूखा
प्रदेश के कुल 55 जिलों में से 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है, जबकि 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।
भोपाल: 2012 में रिकॉर्ड 38 डिग्री रहा था तापमान
अक्टूबर में औसत अधिकतम तापमान 32.7 और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस रहता है। वर्ष 2012 में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंचा था। इसी साल 12 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री दर्ज किया गया था।
अक्टूबर में बारिश के रिकॉर्ड भी रहे हैं। वर्ष 1955 में पूरे महीने करीब साढ़े 7 इंच बारिश हुई थी, जबकि 6 अक्टूबर 2009 को 24 घंटे में 5 इंच पानी गिरा था। पिछले साल अक्टूबर में 3.2 इंच बारिश दर्ज की गई थी।
इंदौर: 25 साल पहले रिकॉर्ड 6.2 डिग्री रहा था न्यूनतम तापमान
अक्टूबर में दिन का तापमान 35 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि आखिरी सप्ताह में रात की ठंड बढ़ने लगती है। 22 अक्टूबर 2000 को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री दर्ज किया गया था।
वहीं, 22 अक्टूबर 1999 को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री रहा था। वर्ष 1985 में अक्टूबर के दौरान 9 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। इसी साल 9 अक्टूबर को 24 घंटे में 6.19 इंच पानी गिरा था।
ग्वालियर: 38 डिग्री पार पहुंच जाता है दिन का तापमान
अक्टूबर में यहां गर्मी का असर बना रहता है। 27 अक्टूबर 1994 को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके उलट, 31 अक्टूबर 1952 को न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री रहा था।
बारिश के मामले में भी अक्टूबर में कई बार तेज दौर देखने को मिला है। वर्ष 1956 में पूरे महीने 8.68 इंच बारिश दर्ज की गई थी, जबकि 13 अक्टूबर 1955 को 24 घंटे में करीब 6 इंच पानी गिरा था।
अक्टूबर में औसत अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 20.3 डिग्री सेल्सियस रहता है। 5 अक्टूबर 1966 को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री दर्ज किया गया था।
वहीं, 30 अक्टूबर 1952 को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रहा था। वर्ष 1916 में पूरे महीने 10.46 इंच बारिश हुई थी। 4 अक्टूबर 1977 को 24 घंटे में 5 इंच बारिश दर्ज की गई थी। पिछले साल अक्टूबर में भी करीब 7 इंच पानी गिरा था।