एलियंस और सोने की खोज की कहानी
जंगलों से जैसे ही ये अनोखे गोल पत्थर बाहर आए इनके बनने की वजह को लेकर तरह-तरह की कहानियां और मिथक सामने आने लगे। कुछ लोगों का दावा था कि इतने सटीक और गोल पत्थरों को बिना किसी आधुनिक मशीन के इंसान नहीं बना सकते इसलिए इनका निर्माण किसी दूसरे ग्रह के जीव ने किया था। एक थ्योरी यह भी आई कि ये पत्थर जलमग्न हो चुकी पौराणिक नगरी 'अटलांटिस' के संकेत हैं।एक बड़ा अंधविश्वास यह फैल गया कि इन पत्थरों के अंदर सोना भरा हुआ है। सोने के लालच में कई मजदूरों ने डायनामाइट लगाकर दर्जनों प्राचीन पत्थरों को उड़ा दिया। वहीं लगातार नुकसान और चोरी के बाद 1980 के दशक में कोस्टा रिका सरकार ने इन्हें राष्ट्रीय धरोहर घोषित कर दिया। इसके बाद 2014 में यूनेस्को ने डिक्विस के इन रहस्यमयी पत्थरों को 'विश्व धरोहर स्थल' का दर्जा दिया।