साउथ सिनेमा के सुपस्टार रजनीकांत जब भी पर्दे पर आते हैं, तो अपने स्वैग से सबका दिल जीत लेते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने फिल्मों में नहीं, बल्कि असल जिंदगी में अपने डांस मूव्स से महफिल लूट ली। 75 साल के रजनीकांत हाल ही में अपने भांजे और म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर की शादी में शामिल हुए। ग्रीस में हुई शादी में सुपस्टार ने अपने ही गाने 'मनसिलायो' पर ऐसे ठुमके लगाए कि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब सुपरस्टार का यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
अनिरुद्ध रविचंदर ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक प्राइवेट सेरेमनी में सन ग्रुप की काव्या मारन के साथ शादी की। इस शादी में परिवार के करीबी लोगों और कुछ खास मेहमानों को ही बुलाया गया था। रजनीकांत भी अपनी पत्नी लता के साथ इस खास मौके पर पहुंचे थे। शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इस वेडिंग की खूब चर्चा हो रही है।
अनिरुद्ध-काव्या की शादी में रजनीकांत ने 'मनसिलायो' पर किया डांस
अनिरुद्ध और काव्या की शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें रजनीकांत अपनी फिल्म 'वेट्टैयन' के गाने 'मनसिलायो' पर डांस करते नजर आ रहे हैं। उनके साथ नए कपल और मारन परिवार के सदस्य भी इस जश्न का हिस्सा बने। सुपरस्टार को इस तरह परिवार के खास मौके पर मस्ती करते देख फैंस भी काफी खुश हैं। 'मनसिलायो' गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने ही कंपोज किया था। रिलीज के बाद यह गाना काफी पॉपुलर हुआ। अब इसी गाने पर रजनीकांत का डांस करना इस शादी के जश्न को और भी खास बना गया।
अनिरुद्ध ने शेयर की शादी की पहली तस्वीर, लिखा प्यारा सा कैप्शन
शादी के बाद अनिरुद्ध ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर कर फैंस के साथ इस खुशखबरी को साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'जीवन में एक बार मिलने वाला मेरा प्यार, जो अब जीवन भर के लिए है, 11.11।' बताया जा रहा है कि शादी के कार्यक्रमों की शुरुआत 10 नवंबर को पारंपरिक तमिल सगाई समारोह 'निचयाथार्थम' से हुई थी। इसके अगले दिन दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
कपल की शादी में पहुंचे पूर्व CM एम. के. स्टालिन
इस खास मौके पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके बेटे व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन भी शामिल हुए। रजनीकांत अपनी पत्नी लता के साथ इस शादी में पहुंचे थे। अनिरुद्ध की मां लक्ष्मी रविचंदर, रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत की सगी बहन हैं। इस नाते लता उनकी मौसी और रजनीकांत उनके मौसा लगते हैं। समारोह के लिए ग्रीस रवाना होने से पहले उन्हें चेन्नई एयरपोर्ट पर अपनी बेटी ऐश्वर्या के साथ भी देखा गया था।
कौन हैं अनिरुद्ध की दुल्हन काव्या मारन?
अनिरुद्ध और काव्या की शादी ने इसलिए भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं, क्योंकि दोनों मनोरंजन और बिजनेस जगत से जुड़े बड़े नाम हैं। अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने म्यूजिक कंपोजर और सिंगर हैं। उन्होंने साल 2023 में शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' से हिंदी सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई थी। इसके अलावा वह कई बड़ी फिल्मों के लिए म्यूजिक तैयार कर चुके हैं। वहीं, काव्या मारन सन ग्रुप से जुड़ी हैं। वह IPL टीम सनराइजर्स हैदराबाद की CEO हैं। इसके अलावा वह सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभालती हैं। यही वजह है कि इस शादी में फिल्म और बिजनेस जगत के साथ-साथ राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी भी चर्चा में रही।
दूल्हा-दुल्हन के लुक ने भी खींचा ध्यान
शादी में काव्या मारन का लुक भी काफी खास रहा। उन्होंने अर्थी ब्राउन कलर का आउटफिट पहना था। उनका स्लीवलेस हाई-नेक ब्लाउज सिल्वर और गोल्डन वर्क से सजा हुआ था। इसके साथ उन्होंने मोतियों और बीड्स से सजी ट्रांसपेरेंट स्कर्ट पहनी थी। इयररिंग्स उन्होंने अपना लुक पूरा किया। वहीं, अनिरुद्ध भी अपने अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने क्रीम कलर की जैकेट पहनी थी, जिस पर पाम ट्री, समुद्र की लहरों और अर्धचंद्र की कढ़ाई की गई थी।
21 नवंबर को चेन्नई में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
ग्रीस में शादी को प्राइवेट रखा गया था, लेकिन अब यह जोड़ा चेन्नई में एक शानदार रिसेप्शन देने की तैयारी में है। यह रिसेप्शन 21 नवंबर को होने वाला है। खबरों के मुताबिक, इसमें राजनीति, फिल्म और बिजनेस जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय समेत कई बड़े नेताओं और फिल्मी सितारों को न्योता भेजा गया है। ऐसे में अब सभी की नजरें इस ग्रैंड रिसेप्शन पर टिकी हैं।