मुंगेली। बिजली का करंट लगने से युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के परिजनों, स्थानीय नागरिकों और भाजपा नेता वेदप्रकाश के नेतृत्व में लोगों ने जरहागांव बस स्टैंड पर नेशनल हाईवे करीब आधे घंटे तक जाम कर धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई, अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों की नियुक्ति और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, नगर निवासी गोविन्द साहू उर्फ गोलू को देर रात बिजली का करंट लग गया था। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उस समय अस्पताल में ड्यूटी पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अस्पताल स्टाफ ने प्राथमिक उपचार किए बिना ही मरीज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई।
हाईवे जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया। मामले की जांच की जा रही है।