बीते कुछ वर्षों से लोगों के निवेश का रुख म्यूचुअल फंड्स में काफी तेजी के साथ बढ़ता देखा गया है। आय दिन लोग इसमें एसआईपी और लंमसम के जरिए विभिन्न फंड्स में पैसे लगाते हैं और समय के साथ अच्छा-खासा रिटर्न पाते हैं। आंकड़े बताते हैं कि कभी इक्विटी लार्ज कैप फंड में निवेश अच्छा रहा है, तो कभी स्मॉल कैप फंड या मिड कैप फंड में निवेश बढ़ा है। लेकिन, क्या आपको इन फंड्स के बारे में मालूम है। ये सभी म्यूचुअल फंड्स की कैटेगरी में आते हैं। हम यहां म्यूचुअल फंड्स की कुछ खास कैटेगरी के बारे में जानेंगे, जिन्हें निवेश से पहले जानना काफी जरूरी है। इनमें इक्विटी लार्ज कैप, इक्विटी मिड कैप, इक्विटी स्मॉल कैप, इक्विटी फ्लेक्सी कैप, इक्विटी ELSS और इक्विटी फोक्स्ड फंड शामिल हैं।
इक्विटी लार्ज कैप क्या है?
सबसे पहले हम यहां इक्विटी लार्ज कैप फंड की बात करेंगे। निवेशक एसआईपी और लंमसम के जरिए इसमें निवेश करते हैं। इक्विटी लार्ज कैप फंड, वैसे फंड हैं, जो शेयर मार्केट के लार्ज कैप शेयरों में कम से कम 80% निवेशित रहते हैं। ये मार्केट रेगुलेटरी सेबी के नियमों का पालन करते हैं।
इक्विटी मिड कैप क्या है?
अब बात इक्विटी मिड कैप फंड की। ये ऐसे फंड होते हैं जो मिड कैप शेयरों में कम से कम 65% निवेश करते हैं। स्टॉक मार्केट की मिड कैप कैटेगरी की कंपनियों के शेयरों में ये निवेशित होते हैं। इनके निवेश को लेकर संबंधित फंड के फंड मैनेजर का बहुत ही अहम रोल होता है।
इक्विटी स्मॉल कैप क्या है?
इक्विटी स्मॉल कैप फंड की बात करें तो यह वैसे फंड होते हैं, जो शेयर बाजार के स्मॉल कैप शेयरों में कम से कम 65% निवेश करते हैं। लार्ज कैप और मिड कैप के अलावा इक्विटी स्मॉल कैप में निवेश को अधिक रिस्की माना जाता है। हालांकि, रिस्क से साथ इनमें उतने ही अधिक फायदे की भी संभावना होती है।
इक्विटी फ्लेक्सी कैप किसे कहते हैं?
इक्विटी फ्लेक्सी कैप की बात करें तो ऐसे फंड जो इक्विटी में कम से कम 65% निवेश करते हैं, जिसमें लार्ज, मिड या स्मॉल कैप के लिए कोई निश्चित सीमा नहीं होती। फंड मैनेजर जहां चाहें, वहां पर कम या अधिक निवेश कर सकता है। हालांकि, उसे इस बात का ध्यान रखना होता है कि इस फंड से इक्विटी में कम से कम 65% निवेश जरूर हुआ हो।
इक्विटी ELSS फंड क्या है?
इक्विटी ELSS फंड एक या दो साल के लिए नहीं होते हैं। इसमें कम से कम 3 साल के लिए निवेश करना ही होता है। हालांकि, इसमें टैक्स छूट का भी फायदा मिल जाता है। अब इसकी परिभाषा की बात करें तो वैसे फंड जिनमें 3 साल का लॉक-इन पीरियड होता है और धारा 80C के तहत टैक्स छूट का लाभ मिलता है, उन्हें इक्विटी ELSS फंड कहा जाता है।
इक्विटी फोक्स्ड फंड क्या है?
अब आखिरी में बात इक्विटी फोक्स्ड फंड की। ऐसे फंड जो अधिकतम 30 इक्विटी शेयरों में कम से कम 80% निवेश करते हैं, जिसमें लार्ज, मिड या स्मॉल कैप के लिए कोई निश्चित सीमा नहीं होती। कई निवेशक ऐसे फंड्स में निवेश करते हैं और समय के साथ अच्छे रिटर्न को पाते हैं।