भोपाल। भारत इस वर्ष ब्रिक्स (BRICS) की अध्यक्षता कर रहा है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सम्मेलन की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा, किसानों की आय, महिला सशक्तिकरण और कृषि में युवाओं की भागीदारी इस बैठक के प्रमुख विषय होंगे।उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में स्थापित ब्रिक्स आज 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों का प्रभावशाली समूह बन चुका है। वैश्विक कृषि पर इसके प्रभाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया की लगभग 42 प्रतिशत कृषि भूमि, 68 प्रतिशत कृषि जोतें और 42 प्रतिशत खाद्य उत्पादन ब्रिक्स देशों के हिस्से में आता है।