बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के अकलतरी गांव में युवक इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सुधीर सोनवानी और आनिश सोनवानी को घेराबंदी कर दबोचा। दोनों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद बढ़ते-बढ़ते मृतक के घर तक पहुंच गया।
आरोप है कि हमलावर दीवार फांदकर घर में घुस गए और छत पर चढ़कर इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव पर हमला कर दिया। आरोपियों ने छत की दीवार से ईंट निकालकर उसके सिर पर लगातार वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रात करीब एक बजे थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।